Showing posts with label chhattisgarh. Show all posts
Showing posts with label chhattisgarh. Show all posts

Friday, September 21, 2018

भविष्य का भारत: RSS दृष्टिकोण


दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तीन दिवसीय व्याख्यान माला (17-19 सितम्बर 2018) का बुधवार को सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत के भाषण के साथ समापन हुआ. इस कार्यक्रम की टाइमिंग पर ध्यान देना जरुरी है और इसके पीछे छुपे उद्देश्य को समझना उतना ही उपयोगी.

नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 1938 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद प्रांतीय उद्योग मंत्रियों का सम्मलेन किया था, राष्ट्रीय योजना आयोग का गठन किया था. क्यूँ किया था? क्योंकि उन्हें भारत आज़ाद होता दिख रहा था और आर्थिक संगठन आवश्यक था. ऐसा समझना चाहिए कि बदलती वैश्विक और देशज राजनीति के सन्दर्भ में भारत के विकास पर भागवत जी अपना दृष्ट्रिकोण पत्र/विज़न पेश कर रहे हैं. कांग्रेस समेत सम्पूर्ण विपक्ष की  भागीदारी उनके संकीर्ण दृष्टिकोण के कारण रुक गई. इसी कार्यक्रम में भागवत जी ने कांग्रेसी दल और नेताओं की आज़ादी की लड़ाई में भूमिका के लिए प्रशंसा की. अटलजी भी लोकसभा में ऐसा कर चुके हैं. 

कांग्रेसी प्रवक्ता एक सुर से स्वतंत्रता संघर्ष में संघ की भूमिका की नकारात्मक प्रस्तुति करते रहे हैं. इनकी आलोचना की भाषा उत्तर आधुनिक तो क्या सलीके से आधुनिक भी नहीं है. वे यह भूल जाते हैं कि RSS को सम्मान नेहरू जी और जयप्रकाश जी की तरफ से दिया गया. ये प्रवक्तागण अपने आप को नेहरू से भी बेहतर समझते हैं?
बचपन से ले कर JNU तक वामपंथी शिक्षकों द्वारा सुनाया जाता रहा की RSS मुस्लिम विरोधी है. उसी RSS ने प्रस्तुत किया है कि मुस्लिम के बिना हिंदुत्व अधूरा है. पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी भी ऐसा कहते थे और प्रो. बिपन चंद्र उनकी प्रशंसा करते थे. 
आदरणीय मोहन भागवत जी ने एक अति महत्वपूर्ण बात कही है की गुरूजी की पुस्तकों में लिखी सभी बातों को आज लागू नहीं किया जा सकता. परिस्थितियां बदली हैं और इसी के सन्दर्भ में कार्य होना चाहिए. 
त्रिदिवसीय कार्यक्रम: जैसा मैंने समझा 

Tuesday, December 7, 2010

नेताजी सुभाष और डॉ. प्रहलाद राय, काव्यमय श्रद्धांजलि

छत्तीसगढ़ के डॉ. प्रहलाद राय अग्रवाल (जन्म 4 दिसंबर 1935 एम.बी.बी.एस. 1959 ) की 2009 में प्रकाशित रचना 'महाकाव्य- नेताजी सुभाष चन्द्र बोस' पठनीय कृति है. डॉ. अग्रवाल पेशे से चिकित्सक हैं और हिंदी के डॉ. प्राध्यापकों की तरह लेखन उनकी मजबूरी नहीं है. प्रस्तुत रचना उनके सहज और अनायास उदगार हैं. इस लेखन में प्रेरक शक्ति नेताजी के प्रति उनकी श्रद्धा है. अनायास इसलिए क्योंकि विषय के जानकारों की सम्मति प्रकाशन के पूर्व ले लेने पर कुछ चूकों से बचा जा सकता था. कृति को महाकाव्य शीर्षक दिया गया है जो अनुचित प्रतीत होता है क्योंकि महाकाव्य में सर्ग आधारित विभाजन होता है. संदर्भित रचना में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जीवनी कालक्रम से तिरेसठ कविताओं में व्यक्त की गयी है. सुभाष चन्द्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को कटक उड़ीसा में हुआ था. पुस्तक में जन्मस्थान के रूप में कोडालिया (पृष्ठ vi ) का वर्णन है. पृष्ठ vii पर 1939 के कांग्रेस अधिवेशन स्थल के रूप में त्रिपुरा का वर्णन है. वास्तव में यह अधिवेशन जबलपुर की बाहरी सीमा पर त्रिपुरी नामक स्थान पर हुआ था. स्टेनो और धर्मपत्नी के रूप में कु. एमिली शैकन (पृष्ठ vi ) का वर्णन है. सही नाम एमिली शेंकल है. पृष्ठ 58 पर वर्णन है की सुभाष को अंग्रेजी सरकार ने 13 जनवरी 1933 को भारत से निष्काषित कर दिया था. यह अतिरंजना है. इस समय सुभाष अपनी चिकित्सा के लिए स्वेच्छा से विदेश गए थे.


डॉ. अग्रवाल की रचना वीर नायक की कथा है. इस गाथा में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस समग्रता में चित्रित किये गए हैं. विवेकानंद के साहित्य से सुभाष का लगाव प्रभावी रूप में लिखा गया है. कुछ और भी साम्य है. दोनों का जन्म जनवरी में हुआ था. दोनों बांग्लाभाषी होते हुए वैश्विक प्रभाव छोड़ने में सफल रहे. सुभाष लगभग 5 वर्ष के थे तब विवेकानंद का देहावसान हुआ था. सुभाष के लिए विवेकानंद गुजरे ज़माने के दार्शनिक नहीं थे बल्कि कीर्तिमान भारतीय थे. विवेकानंद को पढ़कर सुभाष की धार्मिक जिज्ञासा प्रबल हुई. सही गुरु की तलाश में



उन्होंने गृहत्याग भी किया. परिवार वाले रोये और बिलखे. तब परिवार में बच्चों की संख्या अधिक होती थी लेकिन इससे उनकी महत्ता कम नहीं होती थी. सुभाष ने उत्तर भारत की अपनी धर्मयात्रा को आधार बनाते हुए अपनी आत्मकथा 1937 में An Indian Pilgrim के नाम से लिखी. इस तरह की यात्रायें और गोपनीयता, सर्वस्व का त्याग और अबूझ की तलाश सुभाष के जीवन यात्रा की अनिवार्यता बन गयी. देश की स्वतन्त्रता के लिए सुभाष कुछ भी कर सकते थे. यह कुछ भी कर सकना कामयाब हुआ क्योंकि अंग्रेजी सरकार की फ़ौज में बलवे की भावना स्थायी तौर पर घर कर गयी. आज़ाद हिंद फ़ौज के बाद रायल इन्डियन नेवल म्युटिनी ने अंग्रेजी सरकार को कंपा दिया. अब फ़ौज का आखिरी सहारा भी भरोसे का नहीं रहा था. माउन्टबेटन को जल्दबाजी में वायसराय बना कर लाया गया ताकि भारत को आज़ादी दे कर अँगरेज़ यहाँ से प्रतिष्ठापूर्वक निकल सकें. साम्राज्य को सांघातिक चोट पहुचाने का कार्य सुभाष चन्द्र बोस ने किया था और इस वीर सेनानी के श्रद्धालु कवि हैं डॉ. प्रहलाद राय अग्रवाल जिन्होंने समर्पण के विचार से कवितायेँ रची, प्रकाशित किया और सुधी पाठकों तक पहुंचाया. इस सफल कार्य के लिए उन्हें ढेरों बधाईयाँ.





Wednesday, December 1, 2010

उधम सिंह, इंदिरा गाँधी और बाबू नवाब सिंह




क्रांतिकारी आन्दोलन के इतिहास में एक से बढ़ कर एक योद्धा हुए हैं. सब ने अपनी जिंदगी कुर्बान की देश के नाम पर सब को बराबर प्रसिद्धि नहीं मिली. यह 1857 के संग्राम के बारे मे भी सच है. वीर नारायण सिंह को वह प्रसिद्धि नहीं मिली जो वीर कुंवर सिंह एवं साथियों को मिली. मानवीय आधार पर वीर नारायण सिंह अधिक सहानुभूति के हक़दार हैं. क्रांतिकारी जीवन में भी भाग्य काम करता है. जो प्रसिद्धि और श्रद्धा शहीदे आज़म भगत सिंह को मिली वह मास्टर सूर्य सेन को भी नहीं मिली जिसके वह हक़दार थे. इसी तरह के एक और क्रांतिकारी हैं सरदार और शहीदे आज़म उधम सिंह. इनके जीवन की महत्वपूर्ण विशेषता है सही अवसर के इंतज़ार में तैयारी करते हुए प्रतीक्षा करते रहना. अन्य क्रांतिकारी व्यक्तियों और संगठनों में पाई जाने वाली अधीरता का नामो निशान नहीं मिलता है. वे इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्हें अपने परिवेश में देशभक्ति से भरे नेता या रोल माडल उपलब्ध नहीं थे. जहां तक परिवार की बात है वह तो था ही नहीं.

उधम सिंह का जन्म पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम गाँव में सरदार टहल सिंह के घर हुआ था. टहल सिंह का शुरूआती नाम चुहाड़ सिंह था. अमृत छकने के बाद उनका नाम टहल सिंह रखा गया. परिवार की छोटी सी खेती बाड़ी थी. टहल सिंह के लिए खेती बाड़ी काफी नहीं थी. परिवार को आगे भी बढ़ाना था. रोजगार के लिए पूँजी उपलब्ध नहीं थी. इस हालत में टहल सिंह ने रेलवे की नौकरी कर ली. कोई बड़ा पद नहीं था. बड़ी जिम्मेदारी भी नहीं थी. सुनाम के पड़ोसी गाँव उपाल के रेलवे क्रासिंग पर चौकीदारी करनी थी. चौकीदार इसलिए रखे जाते थे ताकि गाड़ियों के आने जाने के समय सड़क मार्ग से आने वाले लोगों को टकराने से बचाया जा सके और रेल संपत्तियों की रक्षा भी की जा सके. इस वर्णन से सरदार टहल सिंह उर्फ़ चुहाड़ सिंह की बौद्धिक- आर्थिक हैसियत का अंदाजा लगाया जा सकना मुश्किल नहीं है.

उधम सिंह के बड़े भाई का नाम मुक्ता सिंह था. बाद में उनका नाम साधू सिंह रखा गया. उधम सिंह के बचपन का नाम शेर सिंह था. दोनों भाइयों को अनाथ करते हुए माता संसार से कूच कर गयीं. माता जी के पीछे पीछे सरदार टहल सिंह भी गुजर गए. जो छोटा सा आशियाँ था वो भी उजड़ गया. भरी दुनिया खाली हो गयी. कोई चारा नहीं था. इस हालत में भाई किशन सिंह रागी ने दोनों भाइयों को अमृतसर के खालसा अनाथालय में भर्ती करा दिया. इसी अमृतसर को पृष्ठभूमि में रखते हुए चंद्रधर शर्मा "गुलेरी" ने उसने कहा था जैसे प्रख्यात रोमांटिक कहानी की रचना की थी. यह कहानी इतनी हिट हुई की बाद के दिनों में बिमल राय ने सुनील दत्त और नंदा को कास्ट करते हुए 1960 में फिल्म का निर्माण किया था. बहरहाल इन दोनों भाइयों की जिन्दगी में रोमांस और एडवंचर का नामों निशान तक नहीं था. दोनों भाइयों को जीवन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए तरह तरह की शिक्षा दी जाने लगी. साधू सिंह तो आत्मनिर्भर क्या होता, दुनिया छोड़ चला. 1917 में साधू का भी स्वर्गवास हो गया. सरदार उधम सिंह पूरी तरह से अकेले हो गए. पर इसने हिम्मत नहीं हारी. पढाई जारी रखी और 1918 में मैट्रिक (अभी का दसवी) पास कर लिया.

1919 के साल ने उधम सिंह के जीवन में बड़े बदलाव लाया. जलियाँ वाला बाग़ में 13 अप्रैल के दिन सैकड़ों मासूमों को निर्मम जनरल डायर ने गोलियों से भून दिया. उधम सिंह और अनाथाश्रम के साथी सभा में पानी बाँट रहे थे. संयोगवश गोली चलने के कुछ देर पहले ही वो वापस हो चुके थे. इस निर्मम हत्याकांड ने सारे देश को उद्वेलित कर दिया. जिनके अपने इस जघन्य घटना में मरे वे तो गुस्से में थे ही, राष्ट्रवाद से प्रेरित युवा भी पीछे नहीं थे. उधम का अपना कोई बचा ही नहीं था जो इस हादसे का शिकार होता. तब भी इस घटना ने उसके मन में साम्राज्यवाद के विरुद्ध नफरत को स्थापित कर दिया. उधम ने अनाथाश्रम छोड़ दिया. अधिकाँश लोगों के जीवन की समस्या यह होती है कि उनके पास कोई लक्ष्य नहीं होता. भटकाव और बोरियत से जीवन बोझिल हो जाता है या कई तरह के प्रयोग शुरू हो जाते हैं. पर उधम सिंह के साथ ऐसा नहीं था. उन्हें अपने जीवन का लक्ष्य मिल चुका था, साम्राज्यवादी शासन और माइकल डायर से प्रतिशोध. यह मनःस्थिति उधम सिंह को क्रांतिकारी राष्ट्रवादी मार्ग पर ले गयी. वे भूमिगत आन्दोलन में सक्रिय हो गए.

इस समय भारत के अंदर और बाहर क्रांतिकारी आन्दोलन का जोर बढ़ा हुआ था. उधम सिंह का लक्ष्य डायर को मारना था. इसके लिए उन्हें देश छोड़ना ही था. 1920 में वे अफ्रीका पहुंचे और 1921 में नैरोबी के रास्ते संयुक्त राज्य अमेरिका जाने का प्रयास किया. वीसा नहीं मिला तो वापस भारत लौट आये. 1924 में उधम सिंह अमरीका पहुचने में सफल हो गए. भारत में ग़दर आन्दोलन की असफलता के बाद भी अमरीका में उन दिनों शेष बची ग़दर पार्टी सक्रिय थी. उधम सिंह उसमें शामिल हो गए. राष्ट्रवादी और क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रियता ने उनके संपर्कों में वृद्धि की. 1927 में तमंचों, गोली-बारूद और 25 साथियों के साथ उधम HSRA का साथ देने भारत वापस आये. HSRA भगत सिंह वाला संगठन था जो तबतक अपनी सक्रियता के चरम पर पहुँच चुका था. भारत लौटने के तीन महीने के भीतर ही उधम सिंह को अवैध हथियारों और ग़दर पार्टी के प्रतिबंधित साहित्य के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. उन्हें पांच साल की कैद हुई. अमृतसर जेल के भीतर से ही उधम भगत सिंह के कार्यों, मुक़दमे और फांसी के बारे में सुनते रहे. भगत सिंह की फंसी वाले साल ही वे अक्तूबर में जेल से रिहा हुए. आन्दोलन का कठोर दमन हो चुका था. उधम अपने गाँव वापस चले गए किन्तु वहां रहना अब आसन नहीं रह गया था. जेल की सजा काट चुके उधम पर पुलिस कड़ी नज़र रख रही थी. थाने में रोज़ हाजिरी के नाम पर प्रताड़ना झेलनी पडती थी. तब उधम ने अमृतसर जाने का फैसला किया. अमृतसर में उधम ने अपना नाम मोहम्मद सिंह आज़ाद रख लिया और साईन बोर्ड पेंट करने की दुकान खोल ली.

इन सब कार्यों व घटनाओं के बीच उधम अपने लक्ष्य को कभी भूले नहीं. अपने लक्ष्य को पाने के तैयारी में उन्होंने अपने जीवन का लम्बा अरसा बिता दिया. 1933 में उधम सिंह ने ब्रिटिश भारत की पुलिस को चकमा दे दिया और कश्मीर चले गए. वहां से वे जर्मनी पहुचे. फिर इटली में कुछ महीने बिताने के बाद फ़्रांस, स्वित्ज़रलैंड और आस्ट्रिया होते हुए 1934 में इंग्लैंड पहुंचे. वहां पहुँच कर उन्हों ने पूर्वी लन्दन की एडलर स्ट्रीट में एक घर किराये पर लिया और एक कार खरीदी. उधम किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं थे. माइकल डायर को मारने के लिए वे अच्छे मौके की तलाश में थे. वे अधिकतम नुकसान करना चाहते थे. इसके लिए उन्होंने लम्बा इंतज़ार किया था. अब वे हड़बड़ी में मौका गवांना नहीं चाहते थे. आखिरकार उन्हें मनपसंद मौका अप्रैल 1940 में मिल ही गया.

तेरह मार्च 1940 को कैक्सटन हाल में इस्ट इंडिया असोसिएशन और रायल सेंट्रल एशियन सोसायटी का संयुक्त अधिवेशन था. माइकल डायर को इसमें वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था. उधम सिंह ने इस सभा में प्रवेश की व्यस्था कर ली. पिस्तौल को किताब में छुपाकर सभा में ले गए. डायर मंच पर भारत मंत्री लार्ड जेटलैंड से बात करने के लिए बढ़ा. उधम सिंह ने पिस्तौल निकाल ली और दो गोलियां डायर पर दाग दीं. डायर वहीँ ढेर हो गया और उसके प्राण-पखेरू उड़ गए. उधम सिंह ने अब जेटलैंड पर भी दो गोलियां दाग दीं. जेटलैंड घायल हुए. एक-एक गोलियां सर लूइस और लार्ड लेमिंगटन को भी मारीं. ये दोनों भी घायल हो गए. गोलियां ख़त्म हो गयीं. उधम सिंह भागे नहीं. कोशिश भी नहीं की. नारा भी नहीं लगाया. इतना भर पूछा कि कौन- कौन मरे? उन्हें मौका-ए-वारदात से गिरफ्तार कर लिया गया.


1 अप्रैल 1940 को उधम सिंह पर औपचारिक रूप से हत्या का अभियोग लगाया गया. इसी बीच जेल में उधम सिंह ने भूख हड़ताल कर दी. बयालीस दिन तक उन्होंने खाना नहीं खाया. जेल अधिकारियों ने बलपूर्वक उन्हें तरल आहार दिया. त्वरित सुनवाई के बाद इस मुक़दमे में उधम सिंह को मौत की सजा दी गयी. 31 जुलाई 1940 को उधम सिंह को फांसी दे दी गयी. उन्हें उसी दोपहर जेल के अहाते में ही दफना दिया गया.


सत्तर के दशक में उधम सिंह के अवशेषों को भारत वापस लाने की मुहिम शुरू हुई. सुल्तानपुर लोधी (पंजाब) के विधायक सरदार साधू सिंह थिंड ने इसका नेतृत्व किया था. उन्होंने प्रधानमन्त्री श्रीमती इंदिरा गांधी को राज़ी कर लिया की भारत सरकार की तरफ से ब्रिटिश सरकार को औपचारिक अनुरोध किया जाये. भारत सरकार के विशेष दूत के रूप में साधू सिंह थिंड को लन्दन भेजा गया. जुलाई 1974 को उधम सिंह के अवशेष वापस भारत लाये गए. हवाई अड्डे पर शहीद उधम सिंह की अस्थियों को रिसीव करने वालों में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष शंकर दयाल शर्मा और पंजाब के मुख्यमंत्री ज्ञानी जैल सिंह शामिल थे. प्रधानमन्त्री श्रीमती इंदिरा गाँधी की ओर से भी पुष्प चक्र समर्पित किया गया. उनका दाह संस्कार उनके पैत्रिक गाँव में किया गया और राख को सतलज में बहा दिया गया.

आगे की पोस्ट में एक आम स्वतंत्रता सेनानी - बिहार के बाबू नवाब सिंह